सरायकेला: आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित गर्ग्स इंटरप्राइजे़स लिमिटेड के बाहर सोमवार को मजदूरों ने सरकारी दर के अनुसार वेतन वृद्धि की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान मजदूरों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की।प्रदर्शन कर रहे मजदूरों का कहना है कि वे कई वर्षों से कंपनी में कार्यरत हैं, लेकिन उन्हें अब तक बेहद कम भुगतान किया जा रहा है। मजदूरों ने आरोप लगाया कि वर्तमान महंगाई के दौर में इतनी कम मजदूरी में परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने मांग की कि सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी दर के अनुसार उनका वेतन बढ़ाया जाए और सभी कर्मचारियों को उचित भुगतान सुनिश्चित किया जाए।मजदूरों ने कहा कि वे लंबे समय से वेतन वृद्धि की मांग कर रहे हैं, लेकिन कंपनी प्रबंधन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है। इसी कारण उन्हें प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ा।वहीं पूरे मामले पर कंपनी प्रबंधन की ओर से कहा गया कि फिलहाल कंपनी आर्थिक नुकसान से गुजर रही है। प्रबंधन ने आश्वासन दिया कि वेतन वृद्धि से संबंधित आवश्यक शर्तों को पूरा करने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। साथ ही कंपनी की ओर से यह भी आरोप लगाया गया कि कुछ लोग मजदूरों को भड़काने का कार्य कर रहे हैं, जिससे माहौल खराब हो रहा है।