मोतिहारी में जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने प्रभारी पदाधिकारी गांधी संग्रहालय निधि कुमारी एवं महात्मा गांधी सेंट्रल यूनिवर्सिटी की सीएसआर प्रभारी प्रो॰ डॉ॰ सपना सुगंधा के साथ गांधी संग्रहालय के प्रथम तल पर स्थित पुस्तकालय का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी पदाधिकारी सुश्री निधि कुमारी ने बताया कि इस पुस्तकालय में कुल 1700 से अधिक पुस्तकें रखी हुई हैं। यहां 60 से 70 व्यक्तियों के बैठकर अध्ययन करने की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। पुस्तकालय शनिवार एवं रविवार को भी खुला रहेगा।
महात्मा गांधी सेंट्रल यूनिवर्सिटी की कारपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) प्रभारी डॉ॰ सपना सुगंधा ने बताया कि गांधी संग्रहालय के बेहतर संचालन में सेंट्रल यूनिवर्सिटी हर संभव सहयोग करेगा। यहां कूलर और आरओ पेयजल की व्यवस्था कराई जा रही है। केंद्रीय विश्वविद्यालय इस पुस्तकालय के लिए अपनी तरफ से भी किताबें देगा जिससे सुविधाएं और बढ़ेंगी। उन्होंने बताया कि केंद्रीय विश्वविद्यालय का पुस्तकालय बनकट में चल रहा है, लेकिन इस पुस्तकालय के स्थापित हो जाने से मोतिहारी शहर में ही छात्र-छात्राओं सहित अन्य लोगों को पुस्तकालय की सुविधा मिल सकेगी। केंद्रीय विश्वविद्यालय के बच्चे भी यहां पहचान पत्र के साथ आकर अध्ययन करेंगे।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि केंद्रीय विश्वविद्यालय के बच्चों के अतिरिक्त जो अन्य बच्चे या लोग यहां अध्ययन के लिए आएंगे, उनके लिए भी आई कार्ड की सुविधा प्रदान की जाए।