रफ्तार मीडिया संवाददाता/मिहिजाम
मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 9 में हाई स्कूल के पास नाली न होने से जलजमाव गंभीर रूप धारण कर चुका है। वार्ड 8 और 9 को जोड़ने वाले इस मुख्य मार्ग पर बारिश का करीब तीन फीट पानी जमा हो जाता है। जलमग्न सड़क और गड्ढों के कारण रोजाना राहगीरों और मवेशियों के गिरने की आशंका बनी रहती है। यह मार्ग हाई स्कूल, कोचिंग सेंटर और मस्जिद के पास से गुजरता है, जिससे छात्र-छात्राओं, बुजुर्गों और स्थानीय लोगों की भारी आवाजाही रहती है। लगातार जमा पानी से अब क्षेत्र में सांपों का खतरा भी मंडराने लगा है, जिससे निवासियों में दहशत है। अध्यक्ष पद की प्रत्याशी गुलशनारा और पार्षद प्रतिनिधि पूर्णा बाउरी ने कहा कि जब नाली निर्माण का काम स्वीकृत हो चुका है, तो इसे तुरंत शुरू कर लोगों को राहत दी जानी चाहिए। दूसरी ओर, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी गोपेश कुंभकार ने बताया कि संबंधित स्थल पर निजी जमीन का विवाद है। जल्द ही आम जनसभा आयोजित कर विवाद सुलझाने और निर्माण कार्य शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा।