logo

आदित्यपुर नगर निगम चुनाव: वार्ड 9 की प्रत्याशी राखी मार्डी ने पति द्वारा लगाए आरोप ‘फरार’ की खबरों को बताया साजिश

 

सरायकेला: आदित्यपुर नगर निगम चुनाव की सरगर्मियों के बीच वार्ड संख्या 9 की प्रत्याशी राखी मार्डी ने खुद के ‘प्रेमी संग फरार’ होने की चर्चाओं को पूरी तरह निराधार और विरोधियों की साजिश करार दिया है। शुक्रवार को वे आरआईटी थाना पहुंचीं और स्पष्ट किया कि वे कहीं फरार नहीं हुई थीं, बल्कि चुनावी कार्यों और व्यय कोषांग में हिसाब-किताब देने में व्यस्त थीं।राखी मार्डी ने कहा कि चुनावी माहौल को प्रभावित करने और उनकी छवि धूमिल करने के उद्देश्य से यह अफवाह फैलाई गई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पति राकेश मार्डी ने राजनीतिक विरोधियों के साथ मिलकर उन्हें बदनाम करने की कोशिश की है।

पति पर लगाए गंभीर आरोप

राखी मार्डी के अनुसार, पिछले छह महीनों से उनके और उनके पति के बीच संबंध तनावपूर्ण चल रहे हैं। उनका दावा है कि पति को उनका चुनाव लड़ना पसंद नहीं था, इसी कारण समर्थकों पर भी अनर्गल आरोप लगाए गए। राखी ने यह भी आरोप लगाया कि उनके पति का किसी अन्य महिला के साथ संबंध है और इसका विरोध करने पर उन्हें साजिशन बदनाम किया जा रहा है।

समर्थकों को मिली धमकी

प्रत्याशी ने बताया कि उनके समर्थक प्रेमचंद मार्डी और प्रस्तावक राघव बेसरा को उनके पति द्वारा फोन पर जान से मारने की धमकी दी गई है। इस संबंध में उन्होंने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

जनसंपर्क अभियान की तैयारी

राखी मार्डी ने कहा कि वे शनिवार से अपने चुनावी जनसंपर्क अभियान की विधिवत शुरुआत करेंगी और जनता के बीच जाकर विरोधियों के “झूठ का पर्दाफाश” करेंगी। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और सच्चाई को समझें।
फिलहाल, इस पूरे घटनाक्रम ने वार्ड 9 के चुनावी मुकाबले को और अधिक रोचक बना दिया है। चुनावी माहौल में बढ़ती बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप से सियासी तापमान लगातार चढ़ता नजर आ रहा है।

Raftaar Media | सच के साथ
TAGS
RELATED POSTS