दीपचंद्र दीक्षित संवाददाता
फर्रुखाबाद। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सीपी इंटरनेशनल स्कूल में रविवार को योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साह और अनुशासन के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ योग शिक्षक रामकृपाल मिश्र ने ओम् के उच्चारण के साथ कराया। उन्होंने भुजंगासन, धनुरासन, पवनमुक्तासन, मंडूकासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया तथा नाड़ी शोधन एवं भ्रामरी प्राणायाम के लाभों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करता है।
विद्यालय के निदेशक डॉ. मिथिलेश अग्रवाल ने अपने संदेश में कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। मैनेजिंग डायरेक्टर श्रीमती ज्योत्सना अग्रवाल ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का विकास होता है।
उपनिदेशक श्रीमती अंजू राजे ने योग को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन की वैज्ञानिक पद्धति बताते हुए इसे दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया। प्रधानाचार्य श्री पीरथ ने कहा कि योग तनावमुक्त एवं स्वस्थ जीवन का आधार है तथा विद्यार्थियों को प्रारंभिक अवस्था से ही इसके प्रति जागरूक होना चाहिए।
कार्यक्रम में प्राइमरी विंग की हेड शिवानी दीक्षित सहित अतुल श्रीवास्तव, देवानंद राजपूत, श्रवण कुमार मिश्रा, प्रवीण मिश्रा, पूरन श्रीवास्तव, विवेक राजपूत, दयानंद शर्मा, सुमित कुमार, पंकज श्रीवास्तव, सुरजीत कुमार, नेहा खानम, शिप्रा अवस्थी, काजल अग्रवाल, अर्पित मिश्रा एवं विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।
समापन अवसर पर उपप्रधानाचार्य नवीन शाक्य ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं योग शिक्षक का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम सकारात्मक ऊर्जा, उत्साह एवं स्वास्थ्य जागरूकता के वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।