दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा
जामताड़ा जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की शुरुआत मंगलवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आलोक कुमार ने जेबीसी जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय स्थित मतदान केंद्र संख्या-243 से की। अभियान के शुभारंभ के बाद उपायुक्त ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को अभियान का संचालन पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी तैनात किए गए हैं। उन्होंने बीएलए-2 के साथ बैठक कर अभियान की कार्ययोजना, निर्धारित तिथियों तथा मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन एवं अधिक पारदर्शी बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित करेंगे, उसकी प्राप्ति रसीद लेंगे तथा पात्र मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। इसके साथ ही आवश्यक दस्तावेजों का संकलन कर मतदाता सूची को अद्यतन करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने सभी बीएलओ को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने तथा मतदाताओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उपायुक्त आलोक कुमार ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा बीएलओ को आवश्यक सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही मतदाता सूची का पुनरीक्षण सफल, निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सकेगा। अभियान के शुभारंभ में जिला आपूर्ति पदाधिकारी कयूम अंसारी, अंचल अधिकारी सह बीडीओ अबिश्वर मुर्मू, कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खण्डैत, नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड पार्षद पूनम गुप्ता, अशोक कुमार साव, समाजसेवी भूपेश गुप्ता, आकाश साव, प्रकाश यादव, नगर पंचायत कर्मी सौरभ झा, नित्य कुमार, तरुण मंडल, पियुष कुमार, नीरज साव, विनय वर्मन, संबंधित मतदान केंद्र के बीएलओ सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।