चतरा जिले के कुंदा थाना क्षेत्र से एक बार फिर अपराधियों के बेलगाम होने की खबर सामने आ रही है। मरगड्डा पंचायत के गेन्दरा गांव में शनिवार की देर रात अज्ञात अपराधियों ने प्रशासनिक व्यवस्था को चुनौती देते हुए घर के बाहर खड़ी एक बोलेरो गाड़ी को आग के हवाले कर दिया।पीड़ित सतेंद्र गंझू अपनी पत्नी रवि देवी के इलाज के लिए रांची गए हुए थे। इसी दौरान सूने घर का फायदा उठाकर अपाचे मोटरसाइकिल से आए दो अज्ञात बदमाशों ने उनकी खड़ी बोलेरो (JH 01 FM 9473) में चुपके से आग लगा दी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि जब तक ग्रामीण कुछ समझ पाते और उसे बुझाते, तब तक गाड़ी पूरी तरह जलकर मलबे में तब्दील हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल है। सूचना पर पहुंचे कुंदा थाना प्रभारी प्रिंस कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आपसी रंजिश का लग रहा है। फिलहाल पुलिस अपराधियों की धर-पकड़ के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।