बिद्युत महतो / रफ्तार मीडिया संवाददाता, ईचागढ़:चांडिल अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत कुकड़ू स्थित मुंडा भवन में मंगलवार को पारंपरिक भूमिज मुंडा हातु की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भृगु राम सिंह मुंडा ने की, जिसमें क्षेत्र के 27 गांवों के पारंपरिक मुंडा, पाहन, डाकुवा एवं अन्य प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में पारंपरिक रूढ़िवादी स्वशासन व्यवस्था को पुनः सशक्त एवं सक्रिय करने को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। साथ ही गांव स्तर पर पारंपरिक सामाजिक व्यवस्था, रीति-रिवाज एवं सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित रखने पर भी जोर दिया गया। पारंपरिक भूमिज मुंडा पाहन डाकुवा स्वशासन व्यवस्था के कुकड़ू प्रखंड अध्यक्ष उमेश सिंह मुंडा ने बताया कि समाज की पुरानी परंपराओं और स्वशासन प्रणाली को वर्तमान समय में फिर से मजबूत करने की आवश्यकता है। इसके लिए सभी गांवों के पारंपरिक प्रतिनिधियों को एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया गया। बैठक के दौरान सामाजिक एकता, पारंपरिक अधिकारों की रक्षा तथा आने वाले दिनों में संगठन को और मजबूत बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए।