सरायकेला: नगर पंचायत सरायकेला अंतर्गत संचालित आश्रय गृह के औचक निरीक्षण में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कड़ी नाराजगी जताई है। सोमवार को किए गए निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष अविनाश कवि, सिटी मैनेजर सुमित सुमन, सीएमएम मणिमुकुट सोरेन तथा मैकेनिकल इंजीनियर विक्की भी मौजूद थे।निरीक्षण में आश्रय गृह की व्यवस्था बेहद खराब पाई गई। बेड, बिस्तर एवं अन्य सामग्री अव्यवस्थित अवस्था में मिली, वहीं परिसर की साफ-सफाई और रख-रखाव में भी गंभीर लापरवाही देखी गई। आश्रितों के रात्रि विश्राम संबंधी अभिलेखों और पंजी की जांच में कई प्रविष्टियां संदिग्ध पाई गईं, जिससे फर्जी उपस्थिति दर्ज किए जाने की आशंका जताई गई।मामले को गंभीर प्रशासनिक लापरवाही मानते हुए अध्यक्ष ने संबंधित पदाधिकारी को फटकार लगाते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। साथ ही सिटी मैनेजर और कार्यपालक पदाधिकारी को विस्तृत जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि आश्रय गृह में लाभुकों की संख्या अपेक्षाकृत कम है। इस पर अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने आश्रय गृह के प्रचार-प्रसार, सुविधाओं के उन्नयन और नियमित निगरानी के लिए कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को इसका लाभ मिल सके।