बिद्युत महतो / रफ्तार मीडिया संवाददाता, ईचागढ़

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)–2026 अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से बुधवार को कुकड़ू प्रखंड कार्यालय सभागार में बूथ लेवल एजेंट–2 (BLA-2) का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा नामित BLA-2 को मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़ी प्रक्रियाओं और उनकी जिम्मेदारियों की विस्तृत जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर नयन मणि दास एवं आशीष कुमार मल्लिक ने प्रतिभागियों को नए मतदाताओं का नाम जोड़ने, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने तथा मतदाता विवरणों के सत्यापन की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे इस विशेष अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित, पारदर्शी और अद्यतन बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे और अपात्र व्यक्तियों के नाम सूची में शामिल न हों।

प्रशिक्षकों ने ऑनलाइन एवं ऑफलाइन आवेदन प्रक्रिया, निर्वाचन संबंधी विभिन्न प्रपत्रों के उपयोग तथा मतदाता सूची शुद्धीकरण की तकनीकी एवं व्यावहारिक जानकारी भी साझा की।

बताया गया कि 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक चलने वाले इन्यूमरेशन फेज के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं को आंशिक रूप से भरे हुए आवेदन प्रपत्र उपलब्ध कराएंगे और आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन प्राप्त करेंगे। इस पूरी प्रक्रिया में BLA-2 की भूमिका सहयोगी एवं समन्वयकारी रहेगी, जिससे मतदाता सूची का पुनरीक्षण अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सके।