गोवर्धन रजक/धनबाद (टुंडी)। आगामी बकरीद (ईद-उल-अजहा) के त्योहार को क्षेत्र में शांति, आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ संपन्न कराने को लेकर टुंडी थाना परिसर में एक महत्वपूर्ण शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता सर्किल इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी उमा शंकर ने की। बैठक में क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक और दोनों समुदायों के गणमान्य लोग मुख्य रूप से उपस्थित थे।अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाईबैठक को संबोधित करते हुए अंचल अधिकारी (CO) सुरेश प्रसाद वर्णवाल ने कहा कि त्योहार हमेशा खुशियां और अमन का संदेश देता है। पुलिस प्रशासन क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। उन्होंने दो टूक शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट डालने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए पुलिस की साइबर सेल चौबीसों घंटे सक्रिय मोड में है।सरकारी नियमों और साफ-सफाई का रखें विशेष ध्यानप्रशासन द्वारा उपस्थित लोगों से अपील की गई कि कुर्बानी के दौरान सरकारी नियमों और गाइडलाइंस का पूरी तरह पालन करें। सार्वजनिक स्थलों पर ऐसी कोई भी गतिविधि न करें जिससे किसी दूसरे की भावनाएं आहत हों। इसके साथ ही, त्योहार के दौरान और उसके बाद क्षेत्र में गंदगी न फैले, इसके लिए साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की हिदायत दी गई है।टुंडी में हमेशा से रही है गंगा-जमुनी तहजीब: स्थानीय नागरिकबैठक में मौजूद स्थानीय मुखिया, पंचायत समिति सदस्यों और प्रबुद्ध नागरिकों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि टुंडी में हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब रही है। हर वर्ष की तरह इस बार भी सभी वर्ग के लोग मिलकर त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से मनाएंगे और स्थानीय पुलिस प्रशासन का पूरा सहयोग करेंगे। वहीं प्रशासन ने भी सुरक्षा के मद्देनजर संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और गश्त बढ़ाने की बात कही है।इस बैठक में मुख्य रूप से अंचल अधिकारी सुरेश प्रसाद वर्णवाल, स्थानीय जनप्रतिनिधि, शांति समिति के सदस्य, विभिन्न अखाड़ों और कमेटियों के प्रतिनिधि समेत भारी संख्या में प्रबुद्ध ग्रामीण उपस्थित थे।