बिद्युत महतो / रफ्तार मीडिया संवाददाता, ईचागढ़

चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के तिरुलडीह-कुकड़ू मार्ग स्थित शहीद चौक के सामने नवनिर्मित सिद्धि विनायक फ्यूल स्टेशन का विधिवत उद्घाटन ईचागढ़ विधायक सबिता महतो ने किया। पेट्रोल पंप शुरू होने से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। लंबे समय से स्थानीय लोगों को पेट्रोल और डीजल के लिए अन्य स्थानों पर जाना पड़ता था, लेकिन अब यह सुविधा तिरुलडीह में ही उपलब्ध हो गई है।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक सबिता महतो ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि नए पेट्रोल पंप के खुलने से न केवल लोगों को ईंधन की सुविधा मिलेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी।

सिद्धि विनायक फ्यूल स्टेशन के प्रोपराइटर ओंकार नाथ गुप्ता एवं विनीत अनूप कुमार गुप्ता हैं। दोनों क्षेत्र के प्रतिष्ठित व्यवसायी हिरालाल साव के पुत्र हैं। हिरालाल साव लंबे समय से अंबुजा सीमेंट के व्यवसाय से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में एक सफल एवं सम्मानित व्यवसायी के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं। उनके परिवार द्वारा पेट्रोल पंप की स्थापना को क्षेत्र के विकास और जनसुविधा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। मौके पर बीडीओ राजश्री ललिता बाखला, कुकड़ू प्रखंड प्रमुख प्रतिमा वाला पातर, उप प्रमुख एकराम अंसारी सहित कई जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।