विभूति सिंह/भागलपुर। आज समीक्षा भवन में जन सुनवाई के लंबित परिवाद के त्वरित निष्पादन को लेकर जिलाधिकारी डॉक्टर नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई।बैठक में जिलाधिकारी ने बारी बारी से सभी प्रखंडों के वरीय पदाधिकारी से उनके प्रखंड एवं अंचल में लंबित परिवाद के निष्पादन की स्थिति की समीक्षा की। तत्पश्चात उन्होंने दो दिनों के अंदर शेष सभी लंबित परिवाद को निष्पादित करने के निर्देश दिए।उन्होंने तीनों अनुमंडल पदाधिकारी को अपने यहां के लंबित मामले को त्वरित गति से निष्पादित करने का निर्देश दिया। बताया गया कि अनुमंडल सदर में जहां 61 मामले थे, वही कहलगांव में 22 और नवगछिया अनुमंडल में 21 मामले लंबित हैं।अनुमंडल पदाधिकारी सदर श्री विकास कुमार द्वारा बताया गया कि सदर अनुमंडल में 30 मामलों को निष्पादित किया जा चुका है। शेष मामलों को भी दो दिनों के अंदर निष्पादित करने के निर्देश दिए गए।इस प्रकार अपर समाहर्ता राजस्व, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन, अपार समाहर्ता जिला लोक शिकायत निवारण को अपने-अपने प्रखंडों एवं अंचलों के मामले को त्वरित गति से बुधवार तक निष्पादित करने के निर्देश दिए गए।सिविल सर्जन,भागलपुर डॉक्टर अशोक प्रसाद को जिले के अस्पतालों में औचक निरीक्षण करवाने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग के जितने भी जांच प्रतिवेदन लंबित है उन्हें तत्काल निष्पादित करवाने के निर्देश दिए गए।जिला शिक्षा पदाधिकारी को भी अपने शिक्षक से संबंधित सभी मामलों का त्वरित गति से निष्पादन करने का निर्देश दिया गया।बैठक में अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन ने बताया कि अग्नि पीड़ितों को 12000 रुपए का तत्काल अनुग्रह अनुदान राशि दिया जाना है, जिसमें वस्त्र और बर्तन की राशि सम्मिलित है। इसके साथ ही उन्हें पॉलीथिन शीट एवं अन्य सुविधा भी तत्काल दिया जाना चाहिए। साथ ही 24 घंटे के अंदर उन्हें मुआवजा अनुदान की राशि मिल जाना चाहिए।जिलाधिकारी ने सभी अंचल अधिकारी को इस पर अमल करने के निर्देश दिए बैठक में उप विकास आयुक्त श्री प्रदीप कुमार सिंह,अपर समाहर्ता श्री दिनेश राम, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता सहित तमाम पदाधिकारी उपस्थित थे।