गांडेय :रफ्तार मीडिया सवाददाता राजु मंडल।ताराटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत भलपहरी गांव में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहाँ तेतरिया अहार (तालाब) में नहाने के दौरान डूबने से एक 12 वर्षीय नाबालिग बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान बेंगाबाद थाना क्षेत्र के होडोडीह (चकरदहा) निवासी संजय हजाम के पुत्र प्रेम कुमार ठाकुर (12 वर्ष) के रूप में की गई है। इस घटना के बाद से मृतक के माता-पिता सहित पूरे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गाँव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
*ननिहाल घूमने आया था प्रेम*
मिली जानकारी के अनुसार, प्रेम कुमार ठाकुर करीब आठ दिन पहले भलपहरी गांव स्थित अपने नाना रामचंद्र ठाकुर के घर आया था। सोमवार की सुबह करीब सात बजे वह घर के पास ही स्थित तेतरिया अहार में नहाने के लिए गया था। नहाने के क्रम में वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
*ग्रामीणों ने निकाला बाहर, डॉक्टर ने घोषित किया मृत*
प्रेम को डूबता देख जब ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ी, तो उन्होंने शोर मचाना शुरू किया। आवाज़ सुनकर भारी संख्या में स्थानीय लोग वहाँ जुटे और काफी मशक्कत के बाद नाबालिग बच्चे को पानी से बाहर निकाला। ग्रामीण आनन-फानन में बच्चे को इलाज के लिए पास के ही एक निजी क्लीनिक ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद से ननिहाल और पैतृक गाँव दोनों जगहों पर शोक की लहर है।