दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा
राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव का 79वां जन्मदिन गुरुवार को जामताड़ा में उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन राजद जिला अध्यक्ष दिनेश यादव के नेतृत्व में किया गया, जहां बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे। जन्मदिन समारोह की शुरुआत केक काटकर की गई। इस दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने लालू प्रसाद यादव के दीर्घायु, स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन की कामना की। कार्यक्रम में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया तथा लालू प्रसाद यादव के सामाजिक एवं राजनीतिक योगदान को याद किया। इस अवसर पर अस्पताल में भर्ती मरीजों, उनके परिजनों तथा जरूरतमंद लोगों के बीच फल वितरण किया गया। राजद नेताओं ने कहा कि समाज के कमजोर, वंचित और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए लालू प्रसाद यादव ने जो संघर्ष किया है, वह देश की राजनीति में एक मिसाल है। उन्होंने सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता और गरीबों के अधिकारों की लड़ाई को हमेशा प्राथमिकता दी है। जिला अध्यक्ष दिनेश यादव ने कहा कि लालू प्रसाद यादव केवल एक राजनीतिक नेता नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय के प्रतीक हैं। उनके विचार और संघर्ष आज भी लाखों लोगों को प्रेरित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजद कार्यकर्ता उनके बताए मार्ग पर चलते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और अधिकार पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं ने लालू प्रसाद यादव के स्वस्थ जीवन एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके नेतृत्व में सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। साथ ही जनसेवा और समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया। इस मौके पर महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष अर्चना कुमारी, प्रधान महासचिव अशोक चौधरी, पिछड़ा प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष राम प्रसाद, प्रखंड अध्यक्ष रविंद्र राय सहित राजद के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित थे।