दिनेश कुमार रजक/मिहिजाम: जामताड़ा जिला के मिहिजाम गुरुद्वारा परिसर में 327वां खालसा पंथ दिवस बड़े उत्साह और धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर सचिव गुरमीत सिंह गांधी ने जानकारी देते हुए कहा कि गुरु गोविंद सिंह जी ने 1699 ईस्वी में खालसा पंथ की स्थापना की थी, जो सिख समुदाय के लिए एक महत्वपूर्ण दिन माना जाता है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष इस दिन को धूमधाम से मनाया जाता है, जो सिख समुदाय के लिए एक बड़ा उत्सव है। साथ ही बैसाखी पर्व भी इसी दिन मनाया जाता है, जो फसल कटने के पश्चात मनाया जाता है। इस अवसर पर गुरुद्वारा परिसर में सिख समुदाय के लोग उपस्थित हुए और गुरु गोविंद सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर गुरुद्वारा परिसर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें सिख समुदाय के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। उन्होंने कहा कि खालसा पंथ दिवस हमें गुरु गोविंद सिंह के आदर्शों और शिक्षाओं को याद करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि गुरु गोविंद सिंह ने सिख समुदाय को एकजुट और मजबूत बनाने के लिए खालसा पंथ की स्थापना की थी। इस अवसर पर सिख समुदाय के लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी और गुरु गोविंद सिंह जी के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।