विभूति सिंह/भागलपुर
बीते २२ मई को सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त एक विडियो में शादी समारोह के दौरान कुछ व्यक्तियों द्वारा अवैध हथियार का प्रर्दशन एवं हर्ष फायरिंग करते हुए देखा गया था। मामले का तत्काल संज्ञान में लेते हुए पुलिस अधीक्षक नवगछिया वैभव शर्मा के निर्देशानुसार विडियो का सत्यापन कराया गया। जांच के क्रम में घटना सत्य पाई गई तथा विडियो में शामिल व्यक्तियों की पहचान कर गोपालपुर थाना में कांड दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया। तकनीकी एवं मानवीय अनुसंधान के आधार पर लगातार छापेमारी करते हुए कांड में संलिप्त अभियुक्त गोपालपुर थाना क्षेत्र स्थित लतरा गांव निवासी सुबोध यादव के पुत्र बासुकी कुमार को महेशपुर से गिरफ्तार कर लिया गया। बताते चलें कि इस अभियुक्त का अपराधिक इतिहास भी रहा है,खरीक थाना,ढोलबज्जा थाना, इस्माइलपुर थाना में इसके खिलाफ पूर्व से कई मामले दर्ज हैं। हथियार प्रदर्शन मामले में एक अभियुक्त को पूर्व में ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।शेष वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतू लगातार छापेमारी की जा रही है। वहीं दूसरी ओर गुप्त सूचना के आधार पर गोपालपुर थाना टीम द्वारा कारवाई कर कांग्रेस कार्यालय के पास से 750 मिली लीटर विदेशी शराब के साथ अभिया बाजार निवासी स्व भरत मंडल के बेटे चितरंजन मंडल को गिरफ्तार किया गया और इस संबंध में सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर अग्रतर कारवाई की जा रही है। वहीं इस्माइलपुर थाना कांड संख्या 119/26 ,धारा 37, बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम 2022 के प्राथमिकी अभियुक्त लक्ष्मीपुर मुस्लिम टोला निवासी मो महबूब के बेटे मो सोनू को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय भेजा गया।