दिनेश कुमार रजक/चित्तरंजन:चित्तरंजन रेलइंजन कारखाना में प्रति माह बेहतर प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को मैन ऑफ द मंथ अवार्ड से सम्मानित करने की परंपरा के तहत अप्रैल-2026 के लिए चार कर्मियों का चयन किया गया। महाप्रबंधक मोहित चंद्रा ने 20 मई को इन कर्मियों को उनके असाधारण प्रदर्शन और समर्पित योगदान के लिए पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। चयनित कर्मचारियों में विद्युत विभाग के केबल हार्नेस सेक्शन/ईएलएस-19 के वरिष्ठ तकनीशियन विनोद कुमार सिंह, लेखा विभाग की वरिष्ठ लेखाकार संगीता बोस, सुरक्षा विभाग के हेड कांस्टेबल/आरपीएफ/एसआईबी सुब्रत घोषाल तथा मैकेनिकल विभाग के ईएलएफ-26 के वरिष्ठ अनुभाग इंजीनियर श्रीकांत परिडा शामिल हैं। महाप्रबंधक चंद्रा ने सभी कार्य कुशल कर्मचारियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वरिष्ठ तकनीशियन विनोद कुमार सिंह कंट्रोल सर्किट लूम के साथ-साथ टीपी कन्वर्जन लूम में संशोधन का कार्य करते हैं। वे लोको के हार्नेस सेक्शन की त्रुटियों को ठीक करने में कुशल हैं और लोको के अंदर छोटी जगह में कपलर पिन व कपलर बदलने में सफलता हासिल की है। वरिष्ठ लेखाकार संगीता बोस ने स्टॉक और गैर-स्टॉक लोको आइटमों सहित कवच आइटमों से संबंधित अंतर-रेलवे स्थानांतरण प्रमाणपत्र तैयार करने का कार्य सफलतापूर्वक किया है। हेड कांस्टेबल सुब्रत घोषाल ने रेलवे सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील खुफिया जानकारियों के संग्रह, विश्लेषण और प्रसार में उल्लेखनीय दक्षता दिखाई है। इनकी सतर्कता से संभावित खतरों की समय पर पहचान और निवारण में मदद मिली है। वरिष्ठ अनुभाग इंजीनियर श्रीकांत परिडा हर परिस्थिति में निर्णय लेने में निपुण हैं। इन्होंने विभिन्न लोकोमोटिव के ड्राफ्ट गियर और सीबीसी की मरम्मत सफलतापूर्वक की है। शेल सुपरस्ट्रक्चर के गहन रेखाचित्र समीक्षा में भी इनका योगदान रहा है।