कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 74 किलो गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 80 लाख रुपये बताई जा रही है। जीआरपी टीम ने स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया के पास चेकिंग अभियान के दौरान दोनों आरोपियों को दबोचा।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी उड़ीसा से गांजा लाकर अलीगढ़ और मथुरा सप्लाई करने की फिराक में थे। बरामदगी में ट्रॉली बैग और पिट्ठू बैग में छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में गांजा मिला। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। जीआरपी कानपुर सेंट्रल और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन को अंजाम दिया।