दीपचंद्र दीक्षित, ब्यूरो

फर्रुखाबाद। थाना नवाबगंज क्षेत्र के गांव गढ़िया बबना निवासी एक युवक की गुरुवार को दर्दनाक हादसे में मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा थाना मेरापुर क्षेत्र के गांव बिजौरी के निकट तेज हवा के दौरान सड़क किनारे खड़े गूलर के पेड़ की डाल टूटकर बाइक पर गिरने से हुआ।

जानकारी के अनुसार, गढ़िया बबना निवासी अतुल कुमार उर्फ मोनू (32) पुत्र कश्मीर सिंह अपने चचेरे भाई अजय कुमार (28) पुत्र राजवीर तथा गांव निवासी रतनेश कुमार (20) पुत्र रक्षपाल के साथ थाना मेरापुर के गांव दहेलिया में आयोजित क्रिकेट मैच खेलने गए थे। मैच समाप्त होने के बाद तीनों एक ही बाइक से दोपहर करीब साढ़े तीन बजे घर लौट रहे थे।

गांव बिजौरी के पास पहुंचते ही तेज हवा के कारण सड़क किनारे खड़े गूलर के पेड़ की भारी डाल अचानक टूटकर उनकी बाइक पर गिर गई। डाल गिरते ही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और तीनों युवक उसके नीचे दब गए। हादसे में अतुल कुमार उर्फ मोनू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अजय कुमार और रतनेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही थाना मेरापुर पुलिस और यूपी-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज भेजा, जहां फार्मासिस्ट आलोक कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही मृतक की मां सुषमा देवी, पत्नी रेखा देवी सहित अन्य परिजन मौके पर पहुंच गए। शव को देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक अपने परिवार में सबसे बड़ा था। उसके दो भाई अनिल कुमार और रोहित कुमार, तथा दो बहनें हैं। अपने पीछे वह 15 वर्षीय पुत्र बोबी, 14 वर्षीय पुत्री अंजली और 11 वर्षीय पुत्र आर्यन को छोड़ गया। हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।