दीपचंद दीक्षित /फर्रुखाबाद, नवाबगंज। भारतीय किसान यूनियन (स्वराज) ने बिजली समस्याओं और कथित किसान विरोधी नीतियों के विरोध में बड़ा आंदोलन करने का ऐलान किया है। संगठन के जिलाध्यक्ष प्रमोद मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि 21 अप्रैल 2026, दिन मंगलवार को बिजली घर नवाबगंज का घेराव किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस दौरान सुबह 10:00 बजे से धरना प्रदर्शन शुरू होगा, जिसमें बड़ी संख्या में किसान शामिल होकर अपनी समस्याओं को उठाएंगे। किसानों का आरोप है कि क्षेत्र में बिजली आपूर्ति अनियमित है और बिलों में भी भारी अनियमितताएं हैं, जिससे किसान परेशान हैं।
कार्यक्रम के तहत दोपहर 1:00 बजे नवाबगंज के जेई (जूनियर इंजीनियर) का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया जाएगा। इसके साथ ही किसानों द्वारा मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन किसी सक्षम अधिकारी को सौंपा जाएगा, जिसमें बिजली व्यवस्था में सुधार और किसानों को राहत देने की मांग की जाएगी।
जिलाध्यक्ष प्रमोद मिश्रा ने सभी किसानों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।