दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा :

 


सर्वोदय सेवा समिति, जामताड़ा एवं सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय, जामताड़ा के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को निषिद्ध मादक द्रव्यों एवं नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। कार्यक्रम में कलाकारों ने प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों को प्रस्तुत कर लोगों को नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया। नाटक के माध्यम से दर्शाया गया कि मादक द्रव्यों और नशीले पदार्थों का सेवन न केवल व्यक्ति के शारीरिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार की खुशियां भी छीन लेता है। नशे की लत से व्यक्ति का सामाजिक, शैक्षणिक, नैतिक एवं आर्थिक पतन होने लगता है, जिससे वह परिवार और समाज के विकास में सकारात्मक योगदान देने में असमर्थ हो जाता है। कलाकारों ने यह भी संदेश दिया कि नशे की प्रवृत्ति युवाओं के भविष्य को अंधकारमय बना सकती है। यदि समाज समय रहते जागरूक नहीं हुआ तो भविष्य में योग्य डॉक्टर, इंजीनियर, सैनिक, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी तथा सामाजिक कार्यकर्ता जैसे जिम्मेदार नागरिकों की कमी महसूस हो सकती है। नशे की बढ़ती प्रवृत्ति समाज और राष्ट्र दोनों के लिए गंभीर चुनौती बन सकती है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों से अपील की गई कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार और समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। कलाकारों ने कहा कि स्वस्थ और समृद्ध समाज के निर्माण के लिए नशामुक्ति बेहद आवश्यक है। नुक्कड़ नाटक में मुन्ना कुमार, गणेश यादव, बेबी देवी, तारूलता कुमारी, नेहा मुर्मू, सोनी मरांडी, मीरा हांसदा एवं पूर्णिमा कुमारी ने अपने उत्कृष्ट अभिनय से दर्शकों का मन मोह लिया। कलाकारों की प्रस्तुति को लोगों ने खूब सराहा और नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया।