दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा


जामताड़ा पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक शम्भु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर पुलिस उपाधीक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने करमाटांड़ थाना प्रभारी अलखनाथ चौबे, साइबर थाना के पुलिस निरीक्षक वैभव सिंह, सहायक अवर निरीक्षक ईश्वर मरांडी एवं रिजर्व गार्ड के जवानों के साथ करमाटांड़ थाना क्षेत्र के कुरूवा गांव में छापेमारी की।छापेमारी के दौरान देवघर जिले के मारगोमुण्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत पंचरूखी गांव निवासी 30 वर्षीय नसरूद्दीन अंसारी को गिरफ्तार किया गया। सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में साइबर पुलिस उपाधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन, तीन सिम कार्ड, दो बैंक पासबुक, एक आधार कार्ड, 4 लाख 4 हजार 500 रुपये नकद तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। बरामद सभी सामान को जब्त कर लिया गया है। डीएसपी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ करमाटांड़ थाना कांड संख्या 43/26 दर्ज करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी लोगों को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का क्रेडिट कार्ड बंद होने और नया कार्ड जारी कराने का झांसा देता था। इसके बाद वह पीड़ितों से उनके मोबाइल में एक एपीके फाइल डाउनलोड करवाता था। फाइल इंस्टॉल होते ही आरोपी को क्रेडिट कार्ड और बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी मिल जाती थी, जिसका दुरुपयोग कर साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम दिया जाता था। पुलिस के अनुसार आरोपी का नेटवर्क देश के विभिन्न राज्यों तक फैला हुआ है। मामले में उसके अन्य सहयोगियों और साइबर ठगी के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में एपीके फाइल डाउनलोड न करें और बैंक अथवा क्रेडिट कार्ड से संबंधित किसी भी गोपनीय जानकारी को साझा करने से बचें। मौके पर पुलिस निरीक्षक वैभव सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।