सरायकेला: भारत के अग्रणी ऑटोमोटिव एवं गैर-ऑटोमोटिव कंपोनेंट निर्माता आरएसबी ग्रुप ने अपनी प्रमुख पहल 'एक पहल' के चौथे वार्षिक दिवस का आयोजन "एक पहल–सपनों से आगे" थीम के साथ उत्साहपूर्वक किया। कार्यक्रम में आरएसबी ग्रुप के उपाध्यक्ष एस.के. बेहरा, संगीता बेहरा एवं नलिनी बेहरा की गरिमामयी उपस्थिति रही।इस वर्ष समारोह की खास उपलब्धि सेटको की 200 से अधिक महिला कर्मचारियों का आरएसबी परिवार में स्वागत रहा। जमशेदपुर सहित देशभर के विभिन्न आरएसबी केंद्रों की महिला कर्मचारियों ने कार्यक्रम में भाग लिया। मुख्य आकर्षण प्रेरणादायी गोलमेज चर्चा रही, जिसमें डॉ. रेखा पांडा, सिंगो मर्डी, लीना अदेसारा और देबोश्री दत्ता ने अपने जीवन अनुभव साझा करते हुए मेहनत, समर्पण और आत्मविश्वास के बल पर सपनों को साकार करने का संदेश दिया।कार्यक्रम में कर्मचारियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं, जिन्होंने महिलाओं की क्षमता, रचनात्मकता और आत्मविश्वास को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
उपाध्यक्ष एस.के. बेहरा ने कहा कि आरएसबी में प्रतिभा और उत्कृष्टता का कोई लिंग नहीं होता तथा संस्थान सुरक्षित, सम्मानजनक और समावेशी कार्यस्थल उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं मानव संसाधन एवं ब्रांडिंग की कार्यकारी निदेशक निर्मला बेहरा ने कहा कि "सपने केवल शुरुआत हैं, वास्तविक सशक्तिकरण उन्हें हकीकत में बदलने से आता है।"समारोह में स्वास्थ्य, स्वच्छता, सुरक्षा, शिक्षा, विकास और सामुदायिक सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली टीमों एवं स्तंभ नेताओं को सम्मानित किया गया। आरएसबी ग्रुप ने इस आयोजन के माध्यम से समावेशी, उद्देश्यपूर्ण और महिला सशक्तिकरण आधारित कॉर्पोरेट संस्कृति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।