दिनेश कुमार पांडेय /रफ्तार ब्यूरो /बोकारो 

विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के अंतर्गत दूसरे दिन की प्रथम पाली में 36-बोकारो विधानसभा (ग्रामीण) क्षेत्र एवं 37-चंदनकियारी (अ.जा.) विधानसभा क्षेत्र के चास प्रखंड अंतर्गत कार्यरत सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को विशेष गहन को पुनरीक्षण 2026  से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया। उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपायुक्त अजय नाथ झा, अनुमंडल पदाधिकारी चास प्रांजल ढांढा, भूमि सुधार उप समाहर्ता चास शामिल हुए ।

लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची का होना अत्यंत आवश्यक है
--------

उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची का होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों तथा बूथ स्तर के पदाधिकारियों को पुनरीक्षण कार्य पूरी गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने नए मतदाताओं का नाम जोड़ने, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने तथा मतदाता सूची में दर्ज त्रुटियों के सुधार पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा कि पात्र नागरिकों का नाम किसी भी स्थिति में मतदाता सूची से वंचित नहीं रहना चाहिए तथा अपात्र नामों को नियमानुसार हटाने की प्रक्रिया अपनाई जाए।

प्रशिक्षण इन पदाधिकारियों के द्धारा दिया गया
------

प्रशिक्षक प्रखंड विकास पदाधिकारी चास  प्रदीप कुमार, अंचल अधिकारी चास सेवाराम द्वारा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप एसआईआर प्रक्रिया के प्रत्येक चरण की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई, जिसमें मतदाता सत्यापन, प्रपत्रों का सही ढंग से भरना, घर-घर सर्वेक्षण की प्रक्रिया, पात्र मतदाताओं का पंजीकरण, अपात्र प्रविष्टियों की पहचान, अभिलेखों का संधारण तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्यों के निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही BLO एवं सुपरवाइजरों की जिज्ञासाओं और व्यावहारिक समस्याओं का समाधान उपायुक्त अजय नाथ झा करते हुए उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से सफल बनाया जा सके। प्रशिक्षण में सभी प्रतिभागियों को आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया।