दीपचंद्र दीक्षित संवाददाता

फर्रुखाबाद, नवाबगंज। मुहर्रम के अवसर पर शुक्रवार को नवाबगंज नगर में अकीदत और श्रद्धा के साथ ताज़ियों का भव्य जुलूस निकाला गया। मातमी धुनों और "या हुसैन" की सदाओं के बीच निकले जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। पूरे नगर में भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द का अनूठा नजारा देखने को मिला।

मोहल्ला नया गनीपुर स्थित मस्जिद से दो ताज़ियों को पूरे सम्मान के साथ उठाया गया। इसके बाद मुख्य बाजार स्थित शाही मस्जिद से जिला पंचायत सदस्य यशवीर सिंह आर्य ने हरी झंडी दिखाकर जुलूस को रवाना किया। नगर के विभिन्न मोहल्लों से आए छोटे-बड़े कुल सात ताज़िए मुख्य बाजार सहित प्रमुख मार्गों से होकर निकले।

जुलूस में शामिल युवाओं और अखाड़ा दलों ने लाठी चलाने, पारंपरिक युद्ध कौशल और मुंह से आग निकालने जैसे हैरतअंगेज करतब दिखाकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। ताज़ियों के साथ राष्ट्रीय ध्वज भी लहराया गया, जबकि एक ताज़िया पूरी तरह तिरंगा थीम पर आधारित रहा, जिसे लोगों ने विशेष रूप से सराहा।

नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए जुलूस अलीगंज रोड स्थित कर्बला पहुंचा, जहां परंपरागत धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार नम आंखों से ताज़ियों को सुपुर्द-ए-खाक किया गया।

भीषण गर्मी के बीच हिंदू समाज के लोगों ने कई स्थानों पर शर्बत, ठंडा पानी और लंगर की व्यवस्था कर जुलूस में शामिल लोगों की सेवा की। इस दौरान आपसी प्रेम, सौहार्द और गंगा-जमुनी तहज़ीब की सुंदर मिसाल देखने को मिली।

जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। थाना प्रभारी राजीव कुमार, कस्बा प्रभारी गीतम सिंह, जगराम सिंह, राम सिंह सहित भारी पुलिस बल पूरे मार्ग पर तैनात रहा और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए रखी।

इस अवसर पर नसीमुद्दीन सिद्दीकी, यूसुफ अहमद, अशरफ अली, जीशान, आसिफ अली, मुस्तकीम सिद्दीकी, जाकिर सिद्दीकी, इजहार अली, सरताज सिद्दीकी, जीशान खान, शहबाज अली, अल्ताफ अली, रजा सिद्दीकी, शानू मंसूरी, आबिद अली, कल्लू खां, महताब मंसूरी सहित बड़ी संख्या में अकीदतमंद और नगरवासी मौजूद रहे।