दिनबंधु राउत / जामताड़ा :जामताड़ा में रविवार को शंभू कुमार सिंह ने जिले के 22वें पुलिस अधीक्षक के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया।उन्होंने निवर्तमान एसपी राजकुमार मेहता से कार्यभार संभाला। पदभार ग्रहण के साथ ही समाहरणालय स्थित पुलिस कार्यालय परिसर में उन्हें पुलिस बल द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, जिससे पूरे माहौल में गरिमा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर मुख्यालय डीएसपी संजय सिंह, जामताड़ा एसडीपीओ विकास आनंद लागूरी, नाला एसडीपीओ मनोज महतो, जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज महतो, साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल, ट्रैफिक इंस्पेक्टर अब्दुल रहमान सहित कई पुलिस पदाधिकारी एवं जवान मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर नव पदस्थापित एसपी का गर्मजोशी से स्वागत किया। पदभार संभालने के बाद एसपी शंभू कुमार सिंह ने स्पष्ट रूप से कहा कि जिले में अपराध नियंत्रण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा, जामताड़ा में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। आम जनता को सुरक्षित माहौल देना हमारी प्रतिबद्धता है। उन्होंने पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर देते हुए कहा पुलिस-पब्लिक के बीच विश्वास कायम करना बेहद जरूरी है। इसके लिए संवाद को मजबूत किया जाएगा, ताकि लोगों में भय नहीं बल्कि भरोसा पैदा हो। साइबर अपराध पर विशेष फोकस की बात करते हुए उन्होंने कहा जामताड़ा साइबर क्राइम के मामलों को लेकर देशभर में चर्चित रहा है।इसे नियंत्रित करने के लिए एक विशेष टीम गठित की जाएगी, जो तकनीकी रूप से सक्षम होगी और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी। उन्होंने आगे कहा कि आधुनिक तकनीक का उपयोग कर अपराधियों पर नजर रखी जाएगी और त्वरित कार्रवाई की जाएगी। नए एसपी के इन स्पष्ट और सख्त रुख से यह उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में जामताड़ा में कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा साइबर अपराध पर भी लगाम लगेगी।