मिहिजाम: रूपनारायणपुर के जोड़बारी स्थित बजरंगबली मंदिर परिसर में 24 घंटे के अखंड अष्टजाम एवं धार्मिक अनुष्ठान का भव्य शुभारंभ किया गया। यादव मंडली जोड़बारी खटाल की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में पूरा इलाका भक्तिमय माहौल में डूब गया। अष्टजाम के शुभारंभ पर लगभग 300 महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश लेकर भव्य कलश यात्रा निकाली। यात्रा के दौरान जय श्रीराम, जय हनुमान और बजरंगबली की जय के गगनभेदी नारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति से आयोजन स्थल पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में बदल गया। कमेटी के सदस्यों ने बताया कि यादव मंडली द्वारा पिछले दो वर्षों से लगातार अष्टजाम का आयोजन किया जा रहा है और आगे भी इसे निरंतर जारी रखा जाएगा। समिति का कहना है कि यह कार्यक्रम पूरी तरह सार्वजनिक है। इसका मुख्य उद्देश्य जनकल्याण, सामाजिक एकता और धार्मिक भावना को मजबूत करना है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में कमेटी के सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही। मौके पर समस्त यादव समाज, स्थानीय ग्रामीण एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। आयोजन को लेकर क्षेत्रवासियों में विशेष उत्साह देखा गया।