दीपचंद्र दीक्षित संवाददाता

फर्रुखाबाद।भारतीय किसान यूनियन द्वारा चलाए जा रहे धरना-प्रदर्शन को फिलहाल स्थगित करने की घोषणा की गई है। यूनियन के पदाधिकारियों ने बताया कि नगर मजिस्ट्रेट द्वारा किसानों की समस्याओं के समाधान को लेकर सकारात्मक आश्वासन दिया गया है। साथ ही 26 जून 2026 को आयोजित होने वाले मोहर्रम पर्व एवं उससे जुड़ी व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए संगठन ने अपना आंदोलन अस्थायी रूप से रोकने का निर्णय लिया है।
यूनियन ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन सभी धर्मों और समुदायों का सम्मान करती है तथा किसी भी धार्मिक आयोजन में व्यवधान उत्पन्न करना उसके सिद्धांतों के विरुद्ध है। संगठन नहीं चाहता कि उसके आंदोलन के कारण मोहर्रम के कार्यक्रमों में किसी प्रकार की असुविधा हो अथवा जनपद पुलिस प्रशासन, जो कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था में व्यस्त रहेगा, उसे अतिरिक्त दबाव का सामना करना पड़े।
संगठन ने प्रशासन को किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए समय देते हुए वर्तमान धरना-प्रदर्शन को 29 जून 2026, सोमवार, प्रातः 11 बजे तक स्थगित करने का निर्णय लिया है। यूनियन का कहना है कि इस अवधि में प्रशासन किसानों की जायज मांगों पर गंभीरता से विचार कर ठोस एवं सकारात्मक कार्रवाई करे।
भारतीय किसान यूनियन ने स्पष्ट किया है कि यदि 29 जून तक किसानों की मांगों का समाधान नहीं किया गया तो संगठन पुनः कलेक्ट्रेट कार्यालय, फर्रुखाबाद में विशाल धरना-प्रदर्शन शुरू करेगा। आंदोलन के अगले चरण में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल होंगे।
यूनियन नेताओं ने कहा कि यह संघर्ष किसानों के सम्मान, अधिकारों और न्याय के लिए है। यदि किसानों की आवाज को लगातार अनसुना किया गया तो संगठन आंदोलन को और व्यापक बनाते हुए प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंचकर मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी बात रखेगा।
भारतीय किसान यूनियन ने प्रशासन से किसानों की समस्याओं का समय रहते समाधान करने की अपील की है, ताकि आंदोलन की आवश्यकता न पड़े और सौहार्दपूर्ण वातावरण में किसानों को न्याय मिल सके।