दुमका जिले के मसलिया प्रखंड अंतर्गत ग्राम अजमेरी स्थित शिव मंदिर में गुरुवार की शाम एक अद्भुत दृश्य देखने को मिला। मंदिर में एक विशाल नाग के प्रकट होने की खबर सुनते ही आसपास के क्षेत्रों में कौतूहल और श्रद्धा का माहौल बन गया। दर्शन के लिए मंदिर परिसर में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम लगभग 6 बजे जब मंदिर के पुजारी नित्य की भांति पूजा-अर्चना के लिए मंदिर का मुख्य द्वार खोलने पहुंचे, तो अंदर का दृश्य देख वे दंग रह गए। गर्भगृह में भगवान शिव के समक्ष एक विशाल नाग फन फैलाए हुए विराजमान था। पुजारी ने तुरंत इस बात की सूचना ग्रामीणों को दी, जिसके बाद देखते ही देखते वहां ग्रामीणों का तांता लग गया।ग्रामीणों ने इस घटना को साक्षात भगवान शिव की कृपा और दैवीय चमत्कार से जोड़कर देखा। उपस्थित भीड़ ने नाग को कोई नुकसान नहीं पहुँचाया, बल्कि दूर से ही हाथ जोड़कर उसके दर्शन किए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नाग काफी देर तक शिवलिंग के समीप फन उठाकर बैठा रहा। पुजारी ने अपनी नियमित पूजा-अर्चना पूरी की, जिसके बाद नाग शांत होकर मंदिर के अंदर ही कुंडली मारकर बैठ गया।यह खबर आसपास के गांवों में जंगल की आग की तरह फैल गई है, जिससे लगातार लोगो की आवाजाही बनी हुई है। हालांकि, ग्रामीण और मंदिर प्रबंधन सांप की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क हैं। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए ग्रामीणों ने स्थानीय वन विभाग को भी सूचित करने का निर्णय लिया है, ताकि विशेषज्ञ आकर सांप को सुरक्षित जंगल में छोड़ने की उचित व्यवस्था कर सकें। समाचार लिखे जाने तक, नाग मंदिर के भीतर ही मौजूद था ।