पश्चिम चंपारण / मोहम्मद इम्तियाज :नगर थाना क्षेत्र के चंडी स्थान मलाही टोला निवासी भारतीय सेना के सूबेदार मेजर हरेराम गिरी का हार्ट अटैक से निधन हो गया। वे वर्तमान में विशाखापट्टनम में तैनात थे। ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें इलाज के लिए दिल्ली स्थित आर्मी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। मंगलवार को जैसे ही उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो उठा।
फौजी सपूत के अंतिम दर्शन के लिए हजारों की संख्या में लोग उमड़ पड़े। गांव से लेकर गंडक नदी तट तक लोगों का जनसैलाब उनके अंतिम सफर में शामिल रहा। सेना के जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देते हुए अंतिम सलामी दी। पूरे राजकीय सम्मान के साथ गंडक नदी तट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।
परिजनों ने बताया कि हरेराम गिरी की पहली नियुक्ति 28 फरवरी 1996 को बॉम्बे में हुई थी। इसके बाद उन्होंने मेरठ, लेह और जम्मू सहित कई महत्वपूर्ण स्थानों पर अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2028 में उनका सेवानिवृत्त होना तय था। वे अपने पीछे पत्नी, दो पुत्री और एक पुत्र छोड़ गए हैं। उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है।