बिद्युत महतो / रफ्तार मीडिया संवाददाता, ईचागढ़

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत तिरूलडीह पंचायत भवन परिसर में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने भाग लेकर योग के माध्यम से स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

योगाभ्यास के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया तथा नियमित योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम में स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला।

इस अवसर पर भाजपा किसान मोर्चा झारखंड प्रदेश के कोल्हान प्रमंडल सह प्रभारी बिजय कोइरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में योग आज भारत की प्राचीन सांस्कृतिक परंपरा से आगे बढ़कर वैश्विक जनकल्याण का अभियान बन चुका है। उन्होंने कहा कि आज दुनिया के अनेक देश योग को अपनाकर स्वस्थ जीवन की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, जो भारत के लिए गौरव का विषय है।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस “Yoga for One Earth, One Health” थीम के साथ मनाया जा रहा है। यह केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य का संदेश नहीं बल्कि मानव और प्रकृति के बीच संतुलन स्थापित करने का भी आह्वान है।

उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखें, बल्कि इसे दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वस्थ परिवार, स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।