दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा।आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जामताड़ा पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह ने जिले के विभिन्न थाना, ओपी एवं पुलिस प्रतिष्ठानों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था और विधि-व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने संबंधित थाना प्रभारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए पर्व के दौरान विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्ती बढ़ाने, असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने तथा अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।एसपी ने कहा कि पर्व के दौरान जिले में शांति एवं भाईचारा बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी पुलिस पदाधिकारियों को मुस्तैदी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने को कहा गया है। उन्होंने थाना स्तर पर शांति समिति के सदस्यों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने तथा आम लोगों से भी सहयोग की अपील की। भ्रमण के दौरान पुलिस प्रतिष्ठानों में सुरक्षा व्यवस्था, अभिलेख संधारण, वाहन व्यवस्था एवं पुलिस बल की तैनाती की भी समीक्षा की गई। एसपी ने ड्यूटी में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की चेतावनी देते हुए कहा कि त्योहार के दौरान हर गतिविधि पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। जिलेवासियों ने पुलिस प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए शांतिपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की उम्मीद जताई है।