अशोक पोद्दार/कुमारडुंगी:मझगांव विस : निरल पूर्ति ने मझगांव विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कुमारडूंगी प्रखंड के अंधारी पंचायत का दौरा कर बीते शनिवार को आए आंधी-तूफान से हुए नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। विधायक के दौरे के दौरान क्षेत्र के ग्रामीणों ने प्राकृतिक आपदा से हुई क्षति की जानकारी दी, जिसमें कई घरों को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। विधायक निरल पूर्ति ने प्रभावित गांवों का भ्रमण कर टूटे मकानों, क्षतिग्रस्त पेड़-पौधों एवं अन्य नुकसान का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में वे पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं और प्रशासन के माध्यम से जल्द राहत पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नुकसान का आकलन कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश देने की बात कही। दौरे के दौरान विधायक ने पीड़ित परिवारों के बीच राहत सामग्री का वितरण भी किया। इसमें खाद्य सामग्री, दैनिक उपयोग की वस्तुएं एवं आवश्यक सहायता सामग्री शामिल थी। राहत सामग्री पाकर ग्रामीणों ने विधायक के प्रति आभार जताया और कहा कि संकट की घड़ी में जनप्रतिनिधि का गांव पहुंचना उनके लिए बड़ी राहत है। इस बीच आंधी-तूफान की चपेट में आने से बड़ालुंती गांव निवासी परगना तिरिया के 9 वर्षीय पुत्र सूरज तिरिया की मौत पर विधायक ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने मृतक के परिजनों से मिलकर संवेदना प्रकट की तथा कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। विधायक ने तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान किया, साथ ही भरोसा दिलाया कि सरकारी प्रावधानों के तहत पीड़ित परिवार को 4 लाख रुपए आर्थिक सहायता दिलाने के लिए वे प्रशासन से पहल करेंगे, ताकि परिवार को कुछ राहत मिल सके। विधायक ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए सरकार एवं प्रशासन पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने ग्रामीणों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील भी की। विधायक ने कहा कि रविवार को कुमारडूंगी प्रखंड बेडामुंडी, कुमिरता पंचायत में भी आंधी तूफान से काफी नुकसान हुआ है उसका भ्रमण मंगलवार को किया जाएगा साथ ही पीड़ित परिवार को राहत सामग्री सहित अन्य सहायता दी जाएगी। इस अवसर पर प्रखंड के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।