.
कुशीनगर। प्रदेश कार्यकारिणी के आह्वान पर सेवरही विकास खंड के पंचायत मित्रों (ग्राम रोजगार सेवकों) ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सांकेतिक हड़ताल का बिगुल फूंक दिया है। शुक्रवार को बड़ी संख्या में जुटे रोजगार सेवकों ने बीडीओ सेवरही विद्यासागर गुप्ता को ज्ञापन सौंपते हुए साफ चेतावनी दी कि अब उनकी अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ब्लॉक अध्यक्ष मृत्युंजय राय के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहे पंचायत मित्रों ने बताया कि पिछले 8 महीनों से मानदेय का भुगतान नहीं हुआ है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। घर-परिवार चलाना तक मुश्किल हो गया है, बावजूद इसके जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर समस्या पर चुप्पी साधे हुए हैं।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाएं भी अब तक कागजों में ही कैद हैं, जिनका धरातल पर कोई असर नहीं दिख रहा। इससे पंचायत मित्रों में भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि सरकार की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने वाले ही आज उपेक्षा के शिकार हैं।
रोजगार सेवकों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होगी तब तक हड़ताल जारी रखेंगे और किसी भी प्रकार का दबाव स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि 25 अप्रैल तक समाधान नहीं हुआ, तो प्रदेश के हर ब्लॉक से पंचायत मित्र मुख्यमंत्री को पोस्टकार्ड भेजकर विरोध दर्ज कराएंगे, इसके बाद बड़े स्तर पर आंदोलन का शंखनाद किया जाएगा।
इस दौरान एपीओ अविनाश गुप्ता, लेखा सहायक गोरख कुशवाहा, ऑपरेटर पंकज तिवारी, अजय श्रीवास्तव, राकेश श्रीवास्तव, सुनील कुमार, नरेश पाल, पप्पू कुमार, विजय गुप्ता, जय शंकर शरण, मुन्ना मिश्रा, गीता गुप्ता, ब्रजेश श्रीवास्तव, बिरेंद्र, धर्मेंद्र सिंह, गिरिधर प्रसाद सहित दर्जनों पंचायत मित्र मौजूद रहे।