ओमप्रकाश तिवारी 
पताही (पूर्वी चंपारण)। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) गुलफान आलम ने गुरुवार को पताही प्रखंड के विभिन्न सरकारी विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, पठन-पाठन, शिक्षकों एवं छात्रों की उपस्थिति, मध्याह्न भोजन, विद्यालय अभिलेखों तथा कक्षा 9 एवं 10 की संचालित परीक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान बीईओ ने विद्यालय परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने का निर्देश देते हुए कहा कि विद्यालय का वातावरण छात्रों के अनुकूल होना चाहिए। जहां साफ-सफाई या अन्य व्यवस्थाओं में कमी पाई गई, वहां संबंधित प्रधानाध्यापक को तत्काल सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनका नियमित रखरखाव सभी की जिम्मेदारी है।
बीईओ गुलफान आलम ने वर्तमान में चल रही कक्षा 9 एवं 10 की परीक्षाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर कदाचारमुक्त एवं निष्पक्ष परीक्षा संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में नकल या अनुचित साधनों का प्रयोग स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी शिक्षकों एवं वीक्षकों को परीक्षा के दौरान सतर्क रहकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन करने को कहा गया।
उन्होंने शिक्षकों को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन कराने, समय पर विद्यालय पहुंचने तथा छात्रों की शैक्षणिक प्रगति पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रत्येक शिक्षक को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से निभानी होगी।
बीईओ ने कहा कि विद्यालयों में अनुशासन, नियमित उपस्थिति, स्वच्छता तथा शैक्षणिक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जाए, ताकि छात्र बेहतर वातावरण में शिक्षा प्राप्त कर सकें। उन्होंने विद्यालय प्रधानों को सरकार द्वारा संचालित सभी योजनाओं का लाभ समय पर विद्यार्थियों तक पहुंचाने तथा विद्यालय प्रबंधन को पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने का भी निर्देश दिया।
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी गुलफान आलम ने स्पष्ट किया कि विद्यालयों का औचक निरीक्षण आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा। निरीक्षण के दौरान यदि किसी विद्यालय में लापरवाही, अनियमितता अथवा विभागीय निर्देशों की अवहेलना पाई गई तो संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पताही प्रखंड के सभी विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक माहौल स्थापित करना तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।