सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिला समाहरणालय सभागार में शनिवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर उपायुक्त सह निर्वाची निबंधन पदाधिकारी जयवर्धन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सह जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी अभिनव प्रकाश तथा विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, समावेशी एवं अद्यतन बनाना है। उन्होंने राजनीतिक दलों एवं संबंधित अधिकारियों से सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो।बैठक में मतदाताओं की मैपिंग, अनमैप्ड मतदाताओं को सूची से जोड़ने, दावा-आपत्ति प्रक्रिया तथा आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी गई। साथ ही बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) एवं बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की भूमिका पर विशेष चर्चा करते हुए सभी दलों से 10 जून तक बीएलए की सूची उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया।उपायुक्त ने कहा कि यह केवल निर्वाचन विभाग का कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने का अभियान है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और राजनीतिक दलों से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर पात्र मतदाताओं को प्रक्रिया में शामिल कराने की अपील की।बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के प्रश्नों का समाधान किया गया तथा उनके सुझाव भी प्राप्त किए गए। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।