सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया ब्लॉक के समीप स्थित कंपोजिट वाइन शॉप में एक बार फिर मारपीट और हंगामे की बड़ी घटना सामने आई है।बताया जा रहा है कि शराब खरीदने के दौरान किसी बात को लेकर ग्राहकों और दुकान कर्मियों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।मिली जानकारी के अनुसार दुकान के स्टाफ अजय कुमार यादव और रोहित सिंह पर ग्राहकों के एक समूह ने अचानक हमला कर दिया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने दोनों कर्मियों की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना है कि एक कर्मी का सिर भी फट गया है और उसे इलाज की जरूरत पड़ी।घटना के दौरान उपद्रवियों ने दुकान में जमकर तोड़फोड़ भी की। दुकान में रखा फ्रिज पटककर तोड़ दिया गया, जिससे उसमें रखी शराब की कई बोतलें टूटकर बिखर गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले भी आरआईटी क्षेत्र के एक कंपोजिट वाइन शॉप का वीडियो सामने आया था, जिसमें ग्राहकों और स्टाफ के बीच मारपीट होती दिखाई दी थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बावजूद उत्पाद विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिले में उत्पाद विभाग की व्यवस्था पूरी तरह लचर हो चुकी है।उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिंज को लेकर भी लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। आरोप है कि विभाग जिले में शराब दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था और संचालन पर नियंत्रण रखने में विफल साबित हो रहा है।सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि खबर लिखे जाने तक आदित्यपुर थाना में किसी प्रकार की आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं।फिलहाल पूरे मामले को लेकर पुलिस और उत्पाद विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।