दिनबंधु राउत / जामताड़ा :जामताड़ा शहर के पांडेडीह मुहल्ले में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह और भव्यता के साथ मनाई गई। इस अवसर पर गांव के महिला, पुरुष एवं युवाओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत भव्य शोभा यात्रा के साथ हुई, जिसमें सैकड़ों ग्रामीण शामिल हुए। जय भीम के गगनभेदी नारों और नीले झंडों के साथ निकली यह यात्रा अंबेडकर चौक पांडेडीह से प्रारंभ होकर बाजार, स्टेशन रोड होते हुए पुराना कचहरी अंबेडकर चौक तक पहुंची। यात्रा के दौरान सामाजिक एकता और जागरूकता का संदेश दिया गया। अंबेडकर चौक पहुंचने पर सभी ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर अंबेडकर क्लब के अध्यक्ष रंजन दास ने अपने संबोधन में बाबा साहेब के जीवन और उनके संघर्षों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर भारतीय संविधान के शिल्पकार, महान समाज सुधारक और वंचितों के सच्चे मसीहा थे। उन्होंने शिक्षा, समानता और अधिकारों के लिए जीवनभर संघर्ष किया, जो आज भी समाज के लिए प्रेरणा है। उन्होंने लोगों से बाबा साहेब के शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो के संदेश को अपनाने की अपील की। इसके बाद शोभा यात्रा पुनः गांव लौट आई। कार्यक्रम में जामताड़ा नगर पंचायत की अध्यक्ष आशा गुप्ता, उनके पति तरुण गुप्ता, उपाध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद भी शामिल हुए। सभी ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी और भविष्य में इस आयोजन को और भव्य बनाने का आश्वासन दिया। साथ ही अंबेडकर प्रतिमा के पूर्ण निर्माण में सहयोग का भरोसा भी दिलाया। संध्या के समय आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों एवं युवाओं ने नृत्य, क्विज और अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से बाबा साहेब के विचारों को जीवंत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और उत्साहपूर्वक सराहना की। इस अवसर पर समस्त ग्रामवासियों के लिए खिचड़ी प्रसाद का भी आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने एक साथ प्रसाद ग्रहण कर सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश दिया। कार्यक्रम में रंजन दास, राकेश दास, संजय दास, साजन दास, मधुसूदन दास, गौरांग दास, सुंदरी देवी, चंदना दास, पुतुल देवी, पप्पू दास, अनिकेत दास, दिलजीत दास, राजेश दास, अनुज दास, विपिन दास, रूपक दास, विश्वनाथ दास सहित गांव के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन अंबेडकर क्लब, पांडेडीह दास पाड़ा द्वारा सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।