दिनेश कुमार पांडेय /रफ्तार ब्यूरो /बोकारो 
दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) बोकारो के 12वीं कक्षा के होनहार विद्यार्थी आदि आयुष्मान ने एक बार फिर निशानेबाजी में अपनी प्रतिभा का जलवा बिखेरा है। राज्यस्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता में लगातार चौथे वर्ष आदि ने पूरे झारखंड में अपनी तीक्ष्ण निशानेबाजी का लोहा मनवाते हुए पहला स्थान पाया और स्वर्णिम विजय अपने नाम दर्ज की। पश्चिम बंगाल के आसनसोल में पिछले दिनों आयोजित 16वीं झारखंड स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में दो स्वर्ण सहित तीन पदक जीतकर उसने पुनः अपने विद्यालय और जिले को गौरवान्वित किया है। प्रतियोगिता की ओपन साइट 50 मीटर राइफल शूटिंग मेन इंडिविजुअल और ओपन साइट 50 मीटर जूनियर राइफल शूटिंग इंडिविजुअल, दोनों स्पर्धाओं में आदि ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया तथा एक-एक स्वर्ण पदक जीता। वहीं, पीप साइट 50 मीटर राइफल शूटिंग यूथ इंडिविजुअल स्पर्धा में भी उम्दा निशानेबाजी का परिचय देते हुए तीसरा स्थान पाने के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही आदि आयुष्मान ने आसनसोल में ही आगामी 25-30 अगस्त 2026 को होनेवाली 10वीं ईस्ट जोनल शूटिंग प्रतियोगिता (पिस्टल/राइफल) के लिए क्वालीफाई कर लिया है। इसके अलावा, इस साल पंजाब में नेशनल से पहले होने वाली सबसे प्रमुख प्री-नेशनल प्रतियोगिता ऑल इंडिया जी.वी. मावलंकर शूटिंग चैंपियनशिप में भी वह भाग लेगा, जिसकी तिथि बाद में घोषित की जाएगी।
नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया और झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन से संबद्ध झारखंड स्टेट राइफल एसोसिएशन की ओर से आयोजित उक्त राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में झारखंड के रांची, हजारीबाग, चतरा, रामगढ़, बोकारो, पूर्वी सिंहभूम, खूंटी, धनबाद, देवघर, गिरिडीह, गढ़वा एवं लोहरदगा जिलों के दर्जनों प्रतिभागियों ने भाग लिया था। अपने विद्यालय के छात्र की इस शानदार उपलब्धि पर बुधवार को डीपीएस बोकारो के प्राचार्य डॉ. ए एस गंगवार ने उसे मेडल पहनाकर सम्मानित किया तथा बधाई देते हुए जोनल व राष्ट्रीय स्तर पर भी दमदार प्रदर्शन के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं। प्राचार्य ने कहा कि आदि की यह सफलता न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे जिले के लिए भी अत्यंत ही गर्व का विषय है। विद्यालय अपने छात्र-छात्राओं की प्रतिभा को निखारने का हर अवसर प्रदान करता है। डीपीएस बोकारो में स्थापित विद्यालय स्तर पर जिले के प्रथम शूटिंग प्रशिक्षण केन्द्र अभिनव बिन्द्रा शूटिंग रेंज में दर्जनों विद्यार्थी निशानेबाजी के गुर सीख रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि आदि आयुष्मान ने इसके पहले भी लगातार तीन वर्षों तक राज्य स्तर की राइफल शूटिंग प्रतियोगिताओं में अपने कौशल का परचम लहराया है। इस क्रम में शूटिंग के नेशनल खिलाड़ी रह चुके अरिंदम बोस को भी हराकर वह पूर्व में अपनी सुनहरी जीत हासिल कर चुका है। आदि आयुष्मान छत्तीसगढ़ के बीजापुर में पदस्थापित सीआरपीएफ के उप-समादेष्टा विनोद कुमार यादव और गृहिणी मनोरमा देवी का होनहार पुत्र है। उसने बताया कि निशानेबाजी के गुर और बारीकियों से सबसे पहले पिता ने ही उसे अवगत कराया था। माता-पिता दोनों ही उसे इसके लिए सदैव प्रोत्साहित करते हैं और विद्यालय स्तर से भी हरसंभव सहयोग तथा प्रोत्साहन मिलता रहा है। धनबाद राइफल क्लब में भी उसने निशानेबाजी के टिप्स सीखे हैं। आदि शूटिंग के साथ-साथ पढ़ाई और बैडमिंटन खेलने में भी अच्छा है। वह अपने पिता के ही नक्शे-कदम पर चलकर पुलिस अथवा सैन्य सेवा में जाना चाहता है।