बिद्युत महतो / रफ्तार मीडिया संवाददाता, ईचागढ़
चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के मुस्लिम बहुल चौड़ा गांव में शुक्रवार को मुहर्रम पर्व श्रद्धा, अनुशासन और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न गांवों से निकले ताजिया जुलूस चौड़ा मिल मैदान में पहुंचकर एकत्रित हुए, जहां युवाओं ने पारंपरिक अखाड़ा खेल एवं आकर्षक करतबों का प्रदर्शन कर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। मुहर्रम आयोजन समिति के अध्यक्ष सायेद अंसारी एवं लाल मोहम्मद ने बताया कि मुहर्रम का पर्व इमाम हुसैन की शहादत, त्याग और इंसानियत के संदेश की याद में मनाया जाता है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी चौड़ा माझी टोला, ऊपर टोला, पश्चिम बंगाल के हुडुमदा, सिरकाडीह तथा पाटाहेसल से ताजिया जुलूस निकाला गया।
सभी जुलूस निर्धारित मार्गों से होकर चौड़ा मिल मैदान पहुंचे, जहां अखाड़ा दलों ने पारंपरिक खेलों, सामूहिक प्रस्तुतियों और कौशल प्रदर्शन के माध्यम से लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। आयोजन के दौरान स्थानीय लोगों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक पहुंचे। पूरे क्षेत्र में उत्सव, भाईचारे और सौहार्द का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर सरायकेला के पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक साव ने भी समिति सदस्यों के साथ आयोजन में भाग लिया और पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना की।
मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मेला परिसर और जुलूस मार्गों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। कुकड़ू के अंचल अधिकारी अभय कुमार द्विवेदी पूरे आयोजन के दौरान मौजूद रहकर विधि-व्यवस्था की निगरानी करते रहे। वहीं सर्किल इंस्पेक्टर रवि कुमार ने सभी को मुहर्रम की शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक सौहार्द और आपसी एकता बनाए रखने की अपील की। मौके पर शाहिद अंसारी, उप प्रमुख अकराम अंसारी, लाल मोहम्मद अंसारी, सफाउद्दीन अंसारी, फिरोज काजी, जेएमएम नेता अंसार अंसारी, जेएमएम युवा नेता राशिद अंसारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।