रफ्तार संवाददाता रंजीत /पालकोट प्रखंड के बंगरू पंचायत अंतर्गत कुरा एवं चोर डाड़ ग्राम को पंचायत सचिवालय एवं प्रखंड मुख्यालय से जोड़ने वाली सड़क पर बने पुल के पिछले वर्ष बह जाने तथा महंगू बांध स्थित पुल की जर्जर अवस्था को लेकर प्रखंड प्रमुख सोनी लकड़ा ने उपायुक्त गुमला को पत्र लिखकर समस्या से अवगत कराया है।प्रमुख द्वारा लिखे गए पत्र में बताया गया है कि उक्त सड़क का कालिकरण कार्य पूर्व में किया जा चुका है, लेकिन पुल बह जाने के कारण आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। वहीं महंगू बांध पर बना पुल भी काफी जर्जर स्थिति में पहुंच चुका है, जिससे किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि पिछले वर्ष से ही इस समस्या की जानकारी प्रखंड विकास पदाधिकारी को दी जाती रही है, लेकिन अब तक किसी प्रकार की सकारात्मक पहल नहीं की गई। इसके कारण स्थानीय ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।प्रमुख सोनी लकड़ा ने उपायुक्त से अविलंब इस समस्या पर ध्यान देते हुए दोनों पुलों के पुनर्निर्माण की स्वीकृति देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पुलों की खराब स्थिति के कारण बंगरू पंचायत के लगभग आधा दर्जन गांवों के लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है, जिससे ग्रामीणों को दैनिक कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं बाजार आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।