मधुबन, मोतिहारी :मधुबन थानांतर्गत मनोकामना सेवा सदन नर्सिंग होम में अवैध गर्भपात के दौरान एक महिला की मौत के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नर्सिंग होम को सील कर दिया है। यह कार्रवाई कांड संख्या 148/26 के तहत की गई।
दिनांक 15.04.2026 को उक्त नर्सिंग होम में गर्भपात के दौरान एक महिला की मृत्यु हो गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी पकड़ीदयाल के आदेश पर त्वरित कार्रवाई की गई।
प्रखंड विकास पदाधिकारी, स्वास्थ्य प्रबंधक PHC मधुबन एवं डॉ. संतोष कुमार की संयुक्त उपस्थिति में नर्सिंग होम को विधिवत सील किया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध नर्सिंग होम और झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मृतक महिला के परिजनों के बयान के आधार पर आगे की विवेचना की जाएगी।