रफ्तार मीडिया / संवाददाता जामताड़ा

मुहर्रम पर्व को लेकर जामताड़ा थाना परिसर में शुक्रवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने की, जबकि संचालन चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने किया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में प्रखंड विकास पदाधिकारी अबिश्वर मुर्मू, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वसीम राजा, नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता तथा नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खंडेत उपस्थित रहे। इसके अलावा शहर के विभिन्न अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, वार्ड पार्षद एवं शांति समिति के सदस्य भी बैठक में शामिल हुए। बैठक के दौरान मुहर्रम जुलूस के सफल संचालन को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अखाड़ा समिति के प्रतिनिधियों ने जुलूस के दौरान अस्थायी रूप से बिजली आपूर्ति बंद रखने, पेयजल की व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधा, साफ-सफाई, ट्रैफिक नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी-अपनी समस्याएं एवं सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे। प्रखंड विकास पदाधिकारी अबिश्वर मुर्मू ने कहा कि जामताड़ा में सभी धार्मिक पर्व हमेशा आपसी भाईचारे और शांति के माहौल में मनाए जाते रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस वर्ष भी मुहर्रम का पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होगा। उन्होंने अखाड़ा समितियों से अपील की कि वे अपने-अपने स्तर पर पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती करें, ताकि भीड़ प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं में प्रशासन को सहयोग मिल सके। एसडीपीओ वसीम राजा ने कहा कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने, सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश साझा नहीं करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की। नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता ने कहा कि मुहर्रम आपसी सौहार्द और भाईचारे का पर्व है। सभी लोग मिल-जुलकर इसे मनाएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर पंचायत की ओर से साफ-सफाई, पेयजल और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की जाएगी, ताकि अखाड़ा समितियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। बैठक में प्रशासन और अखाड़ा समितियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी सहमति बनी। अधिकारियों ने कहा कि सभी समितियां प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी समस्या की जानकारी तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें।
बैठक में इरशाद उल हक, आरसी दुर्गादास भंडारी, प्रभु मंडल, अजीत दुबे, विजय दुबे, मुन्ना खान, नंदकिशोर सिंह, मंसूर अंसारी, अशोक नायक, अनवर अंसारी सहित नगर पंचायत के वार्ड पार्षद, विभिन्न अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधि एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।