सौरभ राय/ रफ्तार मीडिया

रांची:झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता और दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने मोराबादी स्थित आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर उन्होंने गुरुजी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उनके संघर्षपूर्ण जीवन और झारखंड राज्य के निर्माण तथा आदिवासी मूलवासी समाज के अधिकारों के लिए किए गए योगदान को याद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिशोम गुरु उनके लिए केवल पिता ही नहीं, बल्कि पूरे देश और समाज के लिए एक प्रेरणास्रोत एवं मार्गदर्शक थे। उनके व्यक्तित्व और कृतित्व का जितना भी वर्णन किया जाए, वह कम होगा। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने जेपीएससी मुद्दे पर कहा कि राज्य सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और आवश्यक कदम पहले ही उठाए जा चुके हैं। अभ्यर्थियों द्वारा उठाए गए सवालों और उनकी जिज्ञासाओं पर सरकार लगातार विचार कर रही हैऔर ऐसे निर्णय सामने आएंगे, जिससे विद्यार्थियों की आशंकाओं का समाधान होगा और उनमें विश्वास कायम होगा।

गुरुजी का संघर्ष के कारण आज हर झारखंड वासी उन्हें अपना आदेश मानते हैं- हेमंत सोरेन

स्वर्गीय दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रृद्धांजलि अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने उन्हें याद करते हुए कहा कि आज गुरुजी की पहली पुण्यतिथि पर पूरे झारखंड में उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गुरुजी का संपूर्ण जीवन झारखंड के विकास, यहां के जल जंगल जमीन की रक्षा और आदिवासी मूलवासी समाज के अधिकारों के लिए संघर्ष करते हुए बीता। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने बताया यही कारण है कि राज्य का हर आदिवासी, मूलवासी और आम नागरिक उन्हें अपना आदर्श मानता है। उन्होंने कहा कि झारखंड वीर सपूतों की धरती है और आज दिशोम गुरु शिबू सोरेन के साथ ही साथ उन सभी महान विभूतियों को भी नमन करने का अवसर है, जिन्होंने राज्य की पहचान और अस्मिता की रक्षा के लिए अपना योगदान दिया।

झारखंड सरकार सभी लोगों के लिए संवेदनशीलता के साथ कर रही है कार्य- हेमंत सोरेन

झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की पीटी परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर आंदोलनरत अभ्यर्थियों के सत्याग्रह पर भी सीएम हेमंत सोरेन ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं की भावनाओं और उनके भविष्य को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है। सरकार केवल आदिवासी और मूलवासी समाज ही नहीं, बल्कि राज्य के प्रत्येक नागरिक के हितों की रक्षा के लिए समान रूप से प्रतिबद्ध है।

राज्य सरकार के ओर से ऐसे निर्णय सामने आएंगे, जिससे विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान निकलेगा- हेमन्त सोरेन

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा इस मामले को गंभीरता से लिया गया है और आवश्यक कदम पहले ही उठाए जा चुके हैं। अभ्यर्थियों द्वारा उठाए गए सवालों और उनकी जिज्ञासाओं पर सरकार लगातार विचार कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उचित आने वाले समय में राज्य सरकार के ओर से ऐसे निर्णय सामने आएंगे, जिससे विद्यार्थियों की आशंकाओं का समाधान होगा और उनमें विश्वास कायम होगा।उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच प्रक्रिया जारी है तथा जांच टीम सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। राज्य सरकार चाहती है कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी हो तथा किसी भी अभ्यर्थी के साथ अन्याय न हो।