दिनेश कुमार रजक/रफ्तार मीडिया संवाददाता/मिहिजाम
बढ़ते सुरक्षा जोखिमों और अपराध की घटनाओं को देखते हुए बुधवार को मिहिजाम थाना परिसर में स्वर्ण व्यवसायियों के साथ अहम बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने की। इसमें मिहिजाम स्वर्ण व्यवसाय संघ के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ज्वेलर्स शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य आभूषण दुकानों की सुरक्षा मजबूत करना और अपराधों की रोकथाम के उपाय तय करना था। थाना प्रभारी ने सभी व्यापारियों से दुकानों में आधुनिक सुरक्षा उपकरण लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर प्रतिष्ठान में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी, मजबूत ताले, अलार्म सिस्टम और अन्य तकनीकी संसाधन अनिवार्य हों। प्रदीप राणा ने दुकानदारों को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि हेलमेट, मास्क या बुर्के से चेहरा ढके ग्राहकों पर विशेष नजर रखें। ऐसे लोगों को पहले पहचान दिखाने को कहें, फिर ही अंदर प्रवेश दें। थोड़ी लापरवाही भी बड़ी घटना का कारण बन सकती है। उन्होंने व्यापारियों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को देने को कहा। पुलिस ने व्यापारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने और हर सहयोग का भरोसा दिलाया। बैठक में संघ अध्यक्ष राज कपूर वर्मा, उपाध्यक्ष सरवन वर्मा, सचिव अनुरंजन कुमार साव सहित कई सदस्य मौजूद थे। सभी ने पुलिस के सुझावों का स्वागत कर पूरा सहयोग देने का भरोसा जताया।