फतह सिंह उजाला
पटौदी । नशा तस्करी और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से शुक्रवार सुबह नशे के कारोबार के लिए बदनाम पटौदी की धारा कॉलोनी में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया दया । संयुक्त टीम के द्वारा भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कई स्थानों पर छापेमारी की गई । अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और लोगों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई।
पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर एनसीबी और स्थानीय पुलिस की टीम सुबह धारा कॉलोनी पहुंची। कार्रवाई के दौरान डॉग स्क्वॉड की सहायता से कई घरों की गहन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पूनम देवी पत्नी सुदेश के मकान से करीब 320 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
अधिकारियों ने बताया कि नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि ऐसे अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस और एनसीबी की टीम ने पूरे इलाके में सघन जांच अभियान चलाया, जिससे कॉलोनी में काफी देर तक हलचल का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने भी नशे के खिलाफ चल रही इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए पुलिस की पहल को सराहनीय बताया।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी भी क्षेत्र में नशे की तस्करी, बिक्री या सेवन से संबंधित कोई जानकारी मिले तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस या संबंधित एजेंसी को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि नशा समाज, विशेषकर युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है। इसलिए जनसहयोग के बिना इस बुराई पर पूरी तरह अंकुश लगाना संभव नहीं है। पुलिस और एनसीबी संयुक्त रूप से नशा मुक्त समाज के लक्ष्य को लेकर लगातार अभियान चलाती रहेंगी और दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।