दीपचंद्र दीक्षित संवाददाता
कायमगंज, फर्रुखाबाद।
नगर के पुल वाले क्षेत्र स्थित एक मोबाइल टावर पर गुरुवार सुबह एक युवक के चढ़ जाने से हड़कंप मच गया। करीब 200 फीट ऊंचे टावर पर चढ़े युवक को नीचे उतारने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को घंटों मशक्कत करनी पड़ी। युवक अपनी प्रेमिका को मौके पर बुलाने और उससे शादी कराने की मांग पर अड़ा हुआ है।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 6:30 बजे एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। टावर पर युवक को देखकर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। बताया गया कि युवक मूल रूप से उत्तराखंड का निवासी है और पिछले करीब दो वर्षों से कायमगंज में एक होटल पर कार्य कर रहा था। इसी दौरान उसकी पहचान कायमगंज निवासी एक महिला से हुई और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक ने टावर पर चढ़ने के बाद स्वयं डायल-112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को समझाकर नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी प्रेमिका को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ा रहा।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में क्षेत्राधिकारी (सीओ) राजेश कुमार द्विवेदी ने भी घटनास्थल पहुंचकर युवक से बातचीत की और उसे सुरक्षित नीचे उतरने के लिए समझाया। हालांकि समाचार लिखे जाने तक युवक टावर से नीचे नहीं उतरा था।
बताया जा रहा है कि जिस महिला को लेकर युवक यह कदम उठा रहा है, वह चार बच्चों की मां है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फायर ब्रिगेड की टीम, एंबुलेंस और अन्य सुरक्षा संसाधन भी मौके पर बुला लिए गए हैं। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस और प्रशासन लगातार सतर्कता बरत रहा है।
घटनास्थल पर सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग और राहगीर मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और स्थिति पर पूरी नजर रखी जा रही है।