सौरभ राय / रांची: एसआईआर की प्रक्रिया झारखंड में भी शुरू होने को है जिससे पूर्व रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के अध्यक्षता में शनिवार को एसआईआर से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया । बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों के साथ एसआईआर मैपिंग की प्रगति, सामने आ रही चुनौतियों तथा उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी , प्रोबेशनरी डिप्टी कलेक्टरों सहित अन्य प्रतिनियुक्त अधिकारी उपस्थित थे। उपायुक्त ने जिले में एसआईआर मैपिंग प्रतिशत अपेक्षा से कम रहने पर चिंता जताते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
*BLO और BLA-2 के साथ बैठक करने का दिया निर्देश*
उपायुक्त ने सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने अपने प्रखंड और अंचल क्षेत्रों में बूथ लेवल ऑफिसर , BLO सुपरवाइजर तथा BLA-2 के साथ बैठक आयोजित करें। उन्होंने कहा कि BLO और BLA-2 के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने से मतदाताओं के सत्यापन एवं मैपिंग कार्य में तेजी आएगी और कार्य की गुणवत्ता भी बेहतर होगी।
*पंचायतों और शहरी क्षेत्रों में लगाए जाएंगे विशेष कैंप*
बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी पंचायतों और शहरी क्षेत्रों में विशेष कैंप आयोजित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इन कैंपों के माध्यम से मतदाताओं की मैपिंग प्रक्रिया को गति मिलेगी और छूटे हुए मतदाताओं को भी जोड़ा जा सकेगा। इस संबंध में निर्वाचन कार्यालय द्वारा जल्द ही विस्तृत दिशा निर्देश जारी किए जाएंगे।
*मतदाताओं को जागरूक करने पर होगा फोकस*
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि एसआईआर से संबंधित जानकारी आम मतदाताओं तक पहुंचाई जाए और जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को इस प्रक्रिया के महत्व से अवगत कराया जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती के लिए आवश्यक है।
*रिक्त पदों को जल्द भरने का निर्देश*
बैठक में उपायुक्त ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को BLO सुपरवाइजर एवं BLO के रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि रिक्त पदों के कारण कार्य प्रभावित नहीं होना चाहिए और समयबद्ध तरीके से सभी प्रक्रियाओं को पूरा किया जाना चाहिए।उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को समन्वित प्रयास के साथ SIR कार्यों को गति देने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर लक्ष्यों को प्राप्त करने का निर्देश दिया।