ओम प्रकास तिवारी

मोतिहारी। पूर्वी चंपारण समाहरणालय स्थित डॉ. राधाकृष्णन सभागार में शुक्रवार को आयोजित "जनता के दरबार में जिला प्रशासन" कार्यक्रम में जिले के विभिन्न अंचलों से आए लोगों की समस्याएं सुनी गईं। कार्यक्रम में कुल 47 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अधिकारियों ने सुनवाई की।

सुनवाई के दौरान प्राप्त आवेदनों पर संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी मामलों में संबंधित विभागीय पदाधिकारी विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की शिकायतों का समयबद्ध एवं पारदर्शी निष्पादन जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

जनसुनवाई में मुख्य रूप से भूमि विवाद, अतिक्रमण वाद तथा राजस्व विभाग से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। इन मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए जिलाधिकारी ने प्रभारी पदाधिकारी, जिला जन शिकायत कोषांग को निर्देश दिया कि सभी आवेदनों को आवश्यक दिशा-निर्देश के साथ संबंधित अधिकारियों के पास तत्काल भेजा जाए, ताकि शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

कार्यक्रम में एडीएम (लोक शिकायत) शैलेन्द्र कुमार भारती, एडीएम (विभागीय जांच) मो. सिबगतुल्लाह, वरीय उप समाहर्ता विकास कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।